नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में “Share and Make Aware” के नारे के साथ सिविल डिफेंस अररिया के स्वयंसेवकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता को लेकर स्वयंसेवकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी स्वयंसेवकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में आयोजित होने वाली आम सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें तथा पंचायतवासियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक करें।
विशेष रूप से सांप काटने की घटनाओं से बचाव, बाढ़ के दौरान सतर्कता एवं सुरक्षा उपाय, डूबने की घटनाओं से बचाव, आग, भूकंप एवं अन्य प्राकृतिक तथा मानवजनित आपदाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जागरूकता ही आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि ग्रामीण क्षेत्रों में समय रहते सही जानकारी उपलब्ध हो जाए तो जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वे सरल एवं व्यवहारिक तरीके से सुरक्षा उपायों की जानकारी लोगों के बीच साझा करें तथा संभावित बाढ़ की स्थिति में समुदाय स्तर पर एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम तैयार रखें।
पुलिस अधीक्षक अररिया ने सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के साथ डूबने (Drowning) एवं सांप काटने (Snake Bite) जैसी घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार एवं समन्वित कार्य प्रणाली पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 14 मई 2026 को आयोजित होने वाले ब्लैकआउट मॉकड्रिल के संबंध में सभी स्वयंसेवकों को तैयार रहने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, अररिया के संयुक्त संदेश के तहत सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स एवं आवश्यक विभागों के सहयोग से दिनांक 14 मई 2026 (गुरुवार) को सायं 7:00 बजे से 7:10 बजे तक 10 मिनट का ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिले के समस्त नगर क्षेत्रों में पूर्ण ब्लैकआउट रखा जाएगा।
मॉकड्रिल को सफल बनाने हेतु बिजली विभाग को 10 मिनट के लिए विद्युत आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने तथा अस्पतालों की खिड़कियों को ब्लैक पर्दों से ढंकने का निर्देश दिया गया है। वहीं सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि “Share and Make Aware” टैगलाइन के साथ सभी सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स जन-जागरूकता के दूत बनकर कार्य करें और ग्राम सभाओं में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह मॉकड्रिल जिले को किसी भी प्रकार की आपदा के लिए तैयार करने तथा अंधेरे में भी सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित कार्य करने की क्षमता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 14 मई को आयोजित ब्लैकआउट मॉकड्रिल में पूर्ण सहयोग करें तथा निर्धारित अवधि के दौरान अपने मोबाइल फ्लैश, वाहन लाइट एवं अन्य अनावश्यक प्रकाश स्रोत बंद रखकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
इस अवसर पर सिविल सर्जन अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अररिया, सभी संबंधित वरीय उप समाहर्ता, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक उपस्थित थे।













