नजरिया न्यूज़, अररिया।
बिहार में लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए अररिया जिला प्रशासन एवं मद्यनिषेध विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, अररिया ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सफारी वाहन से भारी मात्रा में विदेशी बीयर बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को अधीक्षक मद्य निषेध अररिया श्री निरंजन कुमार झा को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक उजले रंग की सफारी स्ट्रोम वाहन में शराब की बड़ी खेप लेकर तस्कर अररिया-पूर्णिया फोरलेन सड़क मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक द्वारा त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके बाद अ०नि० श्रीमती पूजा कुमारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में अ०नि० रंजीत कुमार, मद्य निषेध सिपाही तथा प्रतिनियुक्त गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
गठित टीम सुबह करीब 4:40 बजे महलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत करयात कैंप के समीप पहुंची और अररिया की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। लगभग 5:15 बजे अररिया की दिशा से एक सफारी स्ट्रोम वाहन आता दिखाई दिया। जांच टीम को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से सतर्क टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की एवं पिछली सीट के नीचे छुपाकर रखी गई विदेशी बीयर बरामद हुई। जांच में “Haywards 5000 Beer” ब्रांड की 500 एमएल की कुल 252 बोतलें बरामद की गईं, जिसकी कुल मात्रा 126 लीटर बताई गई है। बरामद सभी बोतलों पर “For Sale In West Bengal” अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल से बिहार लाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चालक मो० सज्जाद, पिता स्व० मो० सहुब, निवासी मथना मिलिक वार्ड संख्या 08, थाना गरौल, जिला वैशाली तथा अमन कुमार, पिता लालू स्वर्णकार, निवासी गढ़बनैली वार्ड संख्या 02, थाना कसबा, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब की खेप बंगाल-किशनगंज एनएच क्षेत्र से वाहन पर लोड की गई थी और इसे पूर्णिया के गढ़बनैली पहुंचाना था।
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी बरामद बीयर एवं वाहन की विधिवत जप्ती सूची तैयार कर सामान को जब्त कर लिया। इसके बाद गिरफ्तार दोनों आरोपियों को उत्पाद थाना अररिया लाया गया। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में शराब कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा।














