नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला पदाधिकारी अररिया के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फोरलेन सड़क पर विदेशी शराब की बड़ी खेप को जब्त किया। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 मई 2026 को अधीक्षक मद्य निषेध अररिया श्री निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज की ओर से फारबिसगंज होते हुए फोरलेन सड़क मार्ग से विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक ने तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम का नेतृत्व सहायक अवर निरीक्षक श्री रंजीत कुमार कर रहे थे। टीम में श्रीमती पूजा कुमारी, अवर निरीक्षक सह सहायक अवर निरीक्षक, मद्य निषेध सिपाही एवं प्रतिनियुक्त गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे।
गठित टीम ने आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिया बारा टोल प्लाजा के समीप सुबह करीब 9:10 बजे वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान आने-जाने वाले संदिग्ध वाहनों की बारीकी से तलाशी ली जा रही थी। करीब 9:40 बजे अररिया की ओर से एक महिंद्रा स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। वाहन चालक ने जांच टीम को देखकर अचानक गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम की सतर्कता और घेराबंदी के कारण वाहन को मौके पर ही रोक लिया गया।
वाहन में बैठे व्यक्ति से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि गाड़ी में शराब लदी हुई है। पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम पप्पू कुमार, पिता सुरेंद्र राय, निवासी भगवतपुर वार्ड संख्या-02, थाना सरायरंजन, जिला समस्तीपुर बताया।
इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो की डिक्की एवं पिछली सीट के नीचे छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब “मैजिक मोमेंट्स ग्रेन वोडका” ब्रांड की थी। कुल 240 बोतल शराब जब्त की गई, जिसमें प्रत्येक बोतल 750 एमएल की थी। इस प्रकार कुल 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। सभी बोतलों पर “For Sale in Sikkim” अंकित पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध तरीके से बिहार लाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शराब बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र से वाहन पर लोड की गई थी और इसे समस्तीपुर पहुंचाना था। उत्पाद विभाग ने घटनास्थल पर ही बरामद शराब एवं वाहन की विधिवत जब्ती सूची तैयार की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
इसके बाद टीम आरोपी, जब्त शराब एवं वाहन को लेकर उत्पाद थाना अररिया पहुंची। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।














