नजरिया न्यूज़ अररिया।
अररिया नगर थाना क्षेत्र के त्रिसुलिया घाट के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 ग्राम स्मैक के साथ तीन अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 8 लाख 36 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक यामाहा एफ.जेड. बाइक को भी जब्त किया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए अररिया सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में एसपी के निर्देश पर नशा कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नगर थाना पुलिस द्वारा त्रिसुलिया घाट के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान बाइक सवार तीन युवक पुलिस को संदिग्ध लगे। पुलिस ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से 16 ग्राम स्मैक और भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ ने कहा कि अररिया पुलिस जिले में नशा कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।




















