नजरिया / कुशेश्वर स्थान पूर्वी |
बाबा कुशेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रविवार को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।
हालांकि, भीषण गर्मी और शहर में लगे लंबे जाम ने श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा दी। चिलचिलाती धूप और वाहनों की लंबी कतारों के कारण कई लोग बीच रास्ते में ही फंस गए। कई श्रद्धालुओं को कुछ दूर पैदल ही मंदिर तक पहुंचना पड़ा। 
मंदिर के मुख्य द्वार और आसपास के बाजार क्षेत्र में घंटों तक यातायात बाधित रहा। स्थिति यह रही कि सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध रूप से लगाई गई दुकानों की वजह से रास्ता संकरा हो गया है। भीड़ बढ़ने के बावजूद बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाए जाने से समस्या और गंभीर हो जाती है।
बाद में पुलिस प्रशासन ने मोर्चा संभालते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। काफी मशक्कत के बाद जाम को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रशासन समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाता है, लेकिन उसका असर स्थायी नहीं दिखता। दुकानदार दोबारा सड़क किनारे दुकानें सजा लेते हैं, जिससे हर रविवार और सोमवार को यही स्थिति बन जाती है। 
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से विशेष पूजा के दिनों में ट्रैफिक की स्थायी व्यवस्था करने और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है, ताकि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को राहत मिल सके।



















