नजरिया न्यूज़ आर एस, अररिया।
अररिया आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद वार्ड संख्या-3 स्थित रेलवे गुमटी गेट के समीप शुक्रवार देर रात भीषण आग लगने से एस बी इंटरप्राइजेज के मालिक विकास गुप्ता, पिता विजय गुप्ता, का घर और किराना गोदाम जलकर पूरी तरह राख हो गया। इस अग्निकांड में लगभग 50 से 70 लाख रुपये तक की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया तथा स्थानीय लोग रातभर आग बुझाने में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे अचानक गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने घटना की जानकारी अररिया अग्निशमन विभाग को दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना मिलने के करीब दो घंटे बाद अग्निशमन विभाग की पहली छोटी गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए बाद में अलग-अलग स्थानों से पांच छोटी और दो बड़ी दमकल गाड़ियां भेजी गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक गोदाम में रखा भारी मात्रा में किराना सामान पूरी तरह जल चुका था।
आग की चपेट में आने से गैरेज में खड़ी एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, जबकि एक कार का पिछला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग के सामान रखे हुए थे, जो आग में स्वाहा हो गए।
घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों के सहारे आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। वहीं दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मेहनत के बाद स्थिति को नियंत्रण में किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह हादसा हुआ होगा। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।




















