नजरिया न्यूज़, अररिया। कुमार श्रीवास्तव।
अररिया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महलगांव थाना क्षेत्र में सक्रिय एक साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 17 लाख 95 हजार रुपये नगद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्जी आधार कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह का मास्टरमाइंड मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 6 मई 2026 की संध्या गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि महलगांव थाना अंतर्गत ग्राम पेशैली वार्ड संख्या-13 में कुछ लोग अवैध रूप से साइबर ठगी का धंधा चला रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तीन लोगों को मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रवि कुमार, ब्रजानंद कुमार और करण कुमार के रूप में हुई है, जो पेशैली गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने जब उनके घरों और अन्य हिस्सों की तलाशी ली तो वहां से भारी मात्रा में नकद राशि और साइबर अपराध में उपयोग किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए।
बरामद सामानों में दो लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, दो माउस, एक पेनड्राइव, दो फिंगरप्रिंट डिवाइस, चार ओटीजी डिवाइस, दो यूएसबी डिवाइस, कई बैंक पासबुक, चेकबुक तथा बड़ी संख्या में फर्जी आधार कार्ड शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद लैपटॉप और मोबाइल से फर्जी आधार कार्ड तैयार करने, फिंगरप्रिंट डेटा संग्रह करने और फेस डिटेक्शन से संबंधित संदिग्ध फोटो एवं वीडियो मिलने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह आम लोगों के बैंक खातों से अवैध तरीके से राशि निकालने का काम करता था। इस मामले में साइबर थाना अररिया में कांड संख्या-21/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस छापेमारी अभियान में महलगांव थाना की पु०अ०नि० रोमा कुमारी, परि०पु०अ०नि० सुमित कुमार सुमन तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




















