नजरिया न्यूज़, अररिया। मासूम राजा।
अररिया जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। मृतक की पहचान भीमपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी अखिलेश्वर सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 7 मई 2026 को अखिलेश्वर सिंह नरपतगंज बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान साहिबगंज एमपी चौक स्थित पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां अखिलेश्वर सिंह का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर नरपतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है, जबकि चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




















