नजरिया न्यूज़, अररिया।
सिकटी क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब प्लस टू प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, सिकटी के प्रांगण में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महाविद्यालय के खुलने से अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों में कमी आएगी। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखी जा रही है।
नवस्थापित महाविद्यालय के प्रधानाचार्य के रूप में डॉ. अशोक पाठक की नियुक्ति की गई है। उन्होंने 05 मई को पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया के अधीन अपने पद पर औपचारिक रूप से योगदान भी दे दिया है। डॉ. पाठक इससे पूर्व अररिया कॉलेज, अररिया में प्रभारी प्राचार्य के रूप में कार्यरत थे और उनके अनुभव व प्रशासनिक दक्षता को देखते हुए इस नए संस्थान के विकास को लेकर काफी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
स्थानीय लोगों, शिक्षकों और छात्रों में इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा गया। सभी ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का मानना है कि इस कॉलेज के शुरू होने से न केवल शिक्षा का स्तर ऊंचा होगा, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
बताया गया कि यह महाविद्यालय भविष्य में सिकटी क्षेत्र के शैक्षणिक विकास का केंद्र बनेगा और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करेगा।



















