नजरिया न्यूज़, अररिया।
दिनांक 17/04/2026 को अररिया महाविद्यालय, अररिया में इंटर्नशिप ओरिएंटेशन प्रोग्राम 2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रधानाचार्य सह इंटर्नशिप समन्वय समिति के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राम दयाल पासवान ने की। इस अवसर पर इंटर्नशिप कंपनी OPTIMARK PVT. LTD. के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया तथा इंटर्नशिप से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों को इंटर्नशिप में पंजीकरण की प्रक्रिया, प्रशिक्षण की रूपरेखा तथा इंटर्नशिप के दौरान की जाने वाली गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया गया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी संस्था वेबसाइट डेवलपमेंट, साइबर सिक्योरिटी, पर्यटन, स्किल डेवलपमेंट एवं पर्सनैलिटी डेवलपमेंट जैसे आधुनिक और रोजगारपरक क्षेत्रों में इंटर्नशिप प्रदान करती है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इंटर्नशिप पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जो उनके भविष्य और करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) राम दयाल पासवान ने अपने संबोधन में कंपनी एवं छात्रों दोनों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कंपनी के साथ हुए समझौते के सभी मापदंडों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि छात्रों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि नहीं ली जाएगी। उन्होंने छात्रों को अनुशासन एवं नियमितता का महत्व समझाते हुए कक्षा में 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ज्ञात हो कि पूर्णिया विश्वविद्यालय, पूर्णिया द्वारा सेमेस्टर-5 के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप अनिवार्य किया गया है, जिसके तहत यह कार्यक्रम विशेष रूप से आयोजित किया गया था। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें इंटर्नशिप का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर इंटर्नशिप समन्वय समिति के समन्वयक डॉ. संदेश यादव, प्रो. (डॉ.) अब्दुस सलाम, डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. लाल कृष्ण, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. आशीष झा, डॉ. विभा कुमारी, डॉ. अंजलि सहित कई शिक्षकगण उपस्थित रहे।



















