नजरिया न्यूज़, नई दिल्ली।
पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के उपरांत अररिया से सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने भाजपा के बढ़ते कद और साम्राज्य को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जीत को बदलाव का दौर बताते हुए कहा कि महान चिंतक श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की राष्ट्रवादी विचारधारा को मिली यह ऐतिहासिक विजय देश की लोकतांत्रिक चेतना और जनविश्वास का सशक्त प्रमाण है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व तथा आधुनिक भारत के चाणक्य गृह मंत्री अमित शाह जी की दूरदर्शी रणनीति, संगठन कौशल और दृढ़ संकल्प के परिणामस्वरूप देश के विभिन्न हिस्सों में यह अभूतपूर्व सफलता प्राप्त हुई है।
पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार तथा पुडुचेरी में दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन देश की जनता के अटूट विश्वास, स्नेह और मजबूत नेतृत्व में आस्था का स्पष्ट प्रमाण है।
यह विजय केवल राजनीतिक परिदृश्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की आंतरिक सुरक्षा की जीत, घुसपैठ को संरक्षण देने वाली शक्तियों पर प्रहार, और भय के वातावरण पर विश्वास की जीत है। साथ ही, यह उन वर्षों की उपेक्षा पर भी विजय है, जब आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखा गया।
अमित शाह जी के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक सुदृढ़ किया गया, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ तथा योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया गया—जिससे यह ऐतिहासिक सफलता सुनिश्चित हुई।
उन्होंने इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया जिनके प्रेरणादायी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन ने संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह जीत किसी एक दल की नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और समृद्धि की जीत है।
अंत में, पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी की जागरूक जनता तथा समर्पित, देवतुल्य कार्यकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन, जिनके अथक परिश्रम और विश्वास से यह ऐतिहासिक विजय संभव हो सकी।



















