नजरिया न्यूज़, अररिया।
स्टेट सोसाइटी फार अल्ट्रा पूवर और सोशल वेलफेयर – सक्षम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित बुनियाद केंद्र अररिया सदर एवं फारबिसगंज अनुमंडल में 11 मई 2026 तक निःशुल्क नेत्र जाँच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर के तहत जिले के सभी इच्छुक लाभार्थियों को बिना किसी शुल्क के आँखों की जांच कराई जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए किसी प्रकार की आय अथवा आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई अररिया के जिला प्रबंधक नवीन कुमार नवीन ने बताया कि बुनियाद केंद्र सामाजिक सुरक्षा, सेवाओं एवं देखभाल का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जो विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं विधवाओं के लिए संचालित किया जा रहा है। यह केंद्र न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी कार्य कर रहा है। बुनियाद केंद्र अररिया सदर ब्लॉक परिसर में एफसीआई गोदाम के पीछे स्थित है। अधिक जानकारी के लिए 06453-222030 पर संपर्क किया जा सकता है।
कौन ले सकते हैं लाभ:
बुनियाद केंद्र की सेवाओं का लाभ 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वृद्धजन, 18 वर्ष से अधिक आयु की विधवाएं तथा किसी भी आयु वर्ग के दिव्यांगजन (शारीरिक, मानसिक या अन्य प्रकार की विकलांगता से ग्रसित) ले सकते हैं।
वृद्धजनों के लिए सुविधाएं:
केंद्र में वृद्धजनों के लिए फिजियोथैरेपी, वाक एवं श्रवण संबंधी जांच, आंखों की जांच एवं इलाज के लिए परामर्श, साथ ही आवश्यक कानूनी एवं अन्य परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं:
दिव्यांगजनों को फिजियोथैरेपी की सुविधा, विकलांगता से संबंधित समस्याओं के आकलन एवं प्रमाणिकरण में सहयोग, तथा सामाजिक पुनर्वास की व्यवस्था प्रदान की जाती है।
विधवाओं के लिए सुविधाएं:
विधवाओं के लिए कानूनी एवं भावनात्मक परामर्श, रोजगारोन्मुख कौशल विकास प्रशिक्षण, रोजगार संबंधी मार्गदर्शन तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ाव में सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सके।


















