नजरिया न्यूज़, अररिया।
समाज कल्याण विभाग, बिहार, पटना एवं जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के दिशा निर्देश के आलोक में अररिया जिले में पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण को लेकर 30 मई तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर जिला पदाधिकारी द्वारा आदेश जारी कर संबंधित पदाधिकारियों आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए हैं।
उल्लेखनीय है कि मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उन्हें ई-लाभार्थी पोर्टल पर अपडेट करने तथा जीवित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित करने हेतु कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण 22 दिसंबर 2025 से ही चल रहा है। जिले में कुल 3,53,400 पेंशनधारियों में से अब तक 1,21,395 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है। विभागीय निर्देश के अनुसार केवल जीवन प्रमाणीकृत पेंशनधारियों को ही पेंशन भुगतान किया जाना है। इसी कारण मार्च 2026 का पेंशन भुगतान केवल सत्यापित लाभार्थियों को ही किया गया।
प्रखंडवार लंबित जीवन प्रमाणीकरण की स्थिति :
जिले के विभिन्न प्रखंडों में बड़ी संख्या में पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण अभी शेष है। अररिया प्रखंड में 24,295, जोकीहाट में 14,578, पलासी में 11,513, कुर्साकांटा में 5,238, सिकटी में 4,768, रानीगंज में 16,027, भरगामा में 9,400, फारबिसगंज में 22,028 तथा नरपतगंज में 13,548 पेंशनधारियों का प्रमाणीकरण लंबित है।
पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने का निर्देश :
जिला पदाधिकारी द्वारा लंबित प्रमाणीकरण के मामलों के निष्पादन के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। शिविर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के वीएलई (VLEs) की प्रतिनियुक्ति के साथ पंचायतवार रोस्टर निर्धारित किया गया है। इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक पेंशनधारी निःशुल्क जीवन प्रमाणीकरण करा सकें।
बायोमैट्रिक (फिंगर/आइरिस) के माध्यम से प्रमाणीकरण की व्यवस्था:
जिन पेंशनधारियों का बायोमैट्रिक (फिंगर/आइरिस) के माध्यम से प्रमाणीकरण संभव नहीं हो पा रहा है, उनका भौतिक सत्यापन कर जीवन प्रमाणीकरण कराया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी भौतिक सत्यापन के आधार पर जीवित एवं मृत पेंशनधारियों की सूचना ई-लाभार्थी पोर्टल पर अपडेट करेंगे तथा मृत लाभार्थियों को “डेथ मार्क” भी करेंगे।
आधार इन्ट्री भी अनिवार्य :
जिन पेंशनधारियों का आधार पोर्टल पर दर्ज नहीं है, उनका आधार इन्ट्री कराते हुए जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित किया जाएगा। संबंधित सूची ई-लाभार्थी पोर्टल के KYC रिपोर्ट में उपलब्ध है, जिसे जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर में सुविधाओं का विशेष ध्यान :
गर्मी के मौसम को देखते हुए शिविर पंचायत सरकार भवन या अन्य सरकारी भवनों में आयोजित किए जाएंगे। शिविर स्थल पर पंखा, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निगरानी एवं अनुश्रवण की व्यवस्था :
शिविरों की निगरानी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी एवं सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा की जाएगी। जिला स्तर पर नोडल पदाधिकारी के रूप में सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग अररिया श्री दिलीप कुमार को नामित किया गया है। अभियान से संबंधित सहयोग के लिए जिला स्तर पर सहायक निदेशक दिलीप कुमार (मोबाइल: 8826930507), CSC जिला प्रबंधक रविन्द्र कुमार (मोबाइल: 7011986197) एवं तकनीकी सहायक अजय कुमार (मोबाइल: 8877624386) से संपर्क किया जा सकता है। साथ ही राज्य स्तर पर टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-345-6262 भी संचालित है, जो सोमवार से शनिवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेगा।
30 मई तक चलाया जाएगा विशेष अभियान:
जिला पदाधिकारी द्वारा ने निर्देश दिया है आगामी 30 मई 2026 तक विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण कराया जाए तथा मृत पेंशनधारियों को ई-लाभार्थी पोर्टल पर निरंतर “डेथ मार्क” किया जाए।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें, ताकि योग्य लाभार्थियों को पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके।


















