- अररिया आरएस थाना क्षेत्र में शव मिलने से फैली सनसनी
नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया आरएस थाना क्षेत्र की हड़िया पंचायत स्थित नवनिर्मित पुलिस केंद्र के समीप सहारा इंडिया के प्लॉट के पास बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान करीब 35 वर्षीय नितिन कुमार उर्फ लाल बाबू, पिता कृष्ण मुरारी, निवासी चित्रगुप्त नगर वार्ड संख्या 21 के रूप में की गई है।
परिजनों द्वारा युवक को तत्काल सदर अस्पताल अररिया लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, मृतक के गले पर स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फोन कर बुलाया, फिर रची गई साजिश
परिजनों के मुताबिक, नितिन कुमार बुधवार सुबह घर से अकेले निकले थे। उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जमीन दिखाने के बहाने बुलाया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि हड़िया पंचायत में सहारा इंडिया के प्लॉट के पास एक शव मिलने का मामला प्रकाश में आया है, जिसकी पहचान बाद में नितिन कुमार के रूप में हुई।
बताया जाता है कि नितिन जमीन खरीद-बिक्री का काम करते थे, जिससे यह आशंका और गहरा गई है कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर हत्या की गई है।
परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इधर, मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजन दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ कॉल डिटेल्स भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
















