नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में अवैध पशु तस्करी के विरुद्ध पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 05/05/26 को एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान कई संदिग्ध वाहनों की जांच की गई और पशु तस्करी में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कांड दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
अभियान के तहत नरपतगंज थाना, फारबिसगंज थाना, नगर थाना अररिया एवं सिमराहा थाना पुलिस ने सक्रिय भूमिका निभाई। इन थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध रूप से ले जाए जा रहे पशुओं को बरामद किया तथा तस्करी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध पशु तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधि की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।
इस अभियान के बाद पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है और पुलिस की इस सख्ती से जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।




















