नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार दिनांक 04 मई 2026 की सुबह करीब 04:00 बजे SSB कैम्प पथराहा से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर घुरना एवं फुलकाहा थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल को रोका, जिस पर सवार संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार इस मामले में घुरना थाना कांड संख्या 36/26, दिनांक 04.05.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 (बी) (ii) (सी) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। बरामदगी में कुल 1215 किलोग्राम गांजा, एक पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन शामिल हैं।
इस संबंध में अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराध में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस आगे की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





















