नजरिया न्यूज़, अररिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के चलते एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 4 मई 2026 को जोगबनी स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) परिसर में अररिया पुलिस एवं एसएसबी (SSB) के संयुक्त प्रयास से की गई।
जानकारी के मुताबिक दोपहर लगभग 1:10 बजे सुरक्षा बलों ने नेपाल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। गहन जांच में उसकी पहचान चीन के हुनान प्रांत निवासी ZHOU HUAN (पिता–ZHOU ZE YU) के रूप में हुई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वह नेपाल में टूरिस्ट वीजा पर आया था और बिना भारतीय वीजा के भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके पास से कई महत्वपूर्ण सामान बरामद किए गए हैं, जिनमें नेपाली नंबर की एक स्कूटी (बा 54 प 3711), एक हेलमेट, दो अत्याधुनिक मोबाइल फोन (iPhone 14 Pro Max और Huawei Enjoy 60 Pro), तीन चीनी 5G सिम कार्ड, एक अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, 600 रुपये भारतीय मुद्रा, 7,595 नेपाली मुद्रा, साथ ही विभिन्न पहचान पत्र एवं बैंक कार्ड शामिल हैं।
इस संबंध में जोगबनी थाना में कांड संख्या 117/26, दिनांक 04.05.2026 को दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध Immigration and Foreigners Act, 2025 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य संबंधित एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





















