नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत गरीबों के लिए आवंटित चावल की चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल उद्भेदन कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 44 बोरा चावल, एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और 34 खाली जूट के बोरे बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 04 मई 2026 को सीएमआर गोदाम, अररिया के सहायक प्रबंधक ने आवेदन देकर बताया कि प्रखंड परिसर स्थित गोदाम संख्या-10 की दीवार तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 40-45 बोरा चावल चोरी कर लिया। यह चावल राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत लाभुकों के बीच वितरण के लिए रखा गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरएस थाना में कांड संख्या 98/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज की जांच और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चोरी किए गए 44 बोरा चावल (लगभग 22 क्विंटल), एक लाल रंग का महिन्द्रा ट्रैक्टर ट्रॉली सहित तथा 34 खाली जूट के बोरे बरामद किए। इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान राहुल कुमार (21 वर्ष), अजय कुमार (24 वर्ष), गौरी शंकर सिंह (52 वर्ष) और किशन कुमार (28 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी अररिया जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से गोदाम की दीवार तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और चावल को ट्रैक्टर के माध्यम से ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण उनकी योजना सफल नहीं हो सकी।
इस पूरे अभियान में आरएस थाना के थानाध्यक्ष अंकुर, त्रिपुरारी कुमार, सौदागर कुमार, सिपाही प्रीतम कुमार और चौकीदार रामदेव पासवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने समन्वित तरीके से काम करते हुए कम समय में मामले का खुलासा कर दिया।
अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह के अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों में विश्वास बढ़ा है और यह संदेश गया है कि कानून के हाथ लंबे होते हैं तथा अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी क्यों न करें, वे पुलिस की पकड़ से बच नहीं सकते।





















