नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला में एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। वर्तमान में जिले में कुल 11,526 गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत में पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवनों में गैस वितरण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत एवं नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरतते हुए आज जिले की 04 गैस एजेंसियों पर छापेमारी भी की गई। वहीं उपभोक्ताओं के शिकायतों के निष्पादन हेतु जिला नियंत्रण कक्ष ( दूरभाष संख्या 06453-222309) की स्थापना की गई है, जिसमें 17 मार्च से 03 मई 2026 तक कुल 514 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 492 का समाधान कर दिया गया है, जबकि 22 लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित एजेंसियों के एरिया मैनेजर को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर वैवाहिक कार्यक्रमों हेतु वाणिज्यिक एल०पी०जी० की आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।



















