संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी। शुक्रवार को गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पलासी थाना पुलिस ने कलियागंज से धपड़ी जाने वाली सड़क पर पंचगछिया चौक के समीप बाइक पर शराब लेकर आ रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 34 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान संत लाल साह, निवासी कलियागंज तथा मो. काजिम खान, निवासी पड़रिया के रूप में हुई है। इस कार्रवाई का नेतृत्व सअनि विजय कुमार यादव ने सशस्त्र बल के सहयोग से किया।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति शराब लेकर कलियागंज की ओर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम पंचगछिया चौक के पास पहुंची तो सामने से आ रहे बाइक सवार पुलिस को देखते ही वाहन मोड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस बल की मदद से दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया गया।पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो प्लास्टिक थैला तथा बाइक की डिग्गी से कुल 34 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से शराब लदी बाइक भी जब्त कर ली, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 43Q-8894 बताया गया है। मामले में सअनि विजय कुमार यादव के लिखित आवेदन पर दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों शराब तस्करों से आवश्यक पूछताछ के बाद शनिवार को न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है




















