देश व समाज निर्माण में श्रमिकों के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका
समस्तीपुर/दलसिंहसराय (राज कुमार सिंह)
देश व समाज निर्माण में श्रमिकों के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्रमिकों के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है। इसके लिए श्रमिकों का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना व उनके अधिकार का संरक्षण अतिआवश्यक है। उक्त बातें विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति दलसिंहसराय की ओर से प्रखंड के श्रमिक कार्यालय परिसर पर आयोजित विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता नवीन कुमार सिंह ने कही । उन्होंने आगे कहा कि श्रमिक देश के विकास की रीढ़ है। पैनल अधिवक्ता श्री सिंह ने कहा कि विधिक सेवा समिति दलसिंहसराय में पीड़ित मजदूर अपनी समस्या व शिकायत दर्ज कराकर मामले का निराकरण करा सकते हैं। जहां से विधिक सहायता व सलाह नि:शुल्क प्राप्त किया जा सकता है। हर व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों की पूर्ति कर संतुलन बनाते हुए देश को आगे बढ़ाने में सहयोग देना चाहिए। साथ ही नालसा योजना 2015 के तहत श्रमिकों के अधिकारों, बालश्रम प्रतिषेध, नशामुक्ति, नशा उन्मूलन, विधिक सहायता, सलाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरुकता व कानूनी जानकारी दी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत आगामी 09 वीं मई 2026 को दलसिंहसराय सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित किया जाएगा अधिकाधिक आमलोग इस अवसर का लाभ उठाते हुए सुलहनीय प्रकृति के वादों को आपसी सुलह समझौतों के द्वारा अपने अपने वादों का निस्तारण कराएं। मौके पर पीएलवी जितेंद्र कुमार सिंह एवं आमलोग सहित श्रमिकगण मौजूद थे ।






















