सिकटी (अररिया):-प्रखंड क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अररिया के निर्देश पर सिकटी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) परवेज आलम ने कौआकोह पंचायत के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालयों में पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, अनुशासन और समग्र व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने करीब आधा दर्जन विद्यालयों का दौरा कर भौतिक सत्यापन किया और कक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति को देखा। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई और विद्यालय से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली। बीडीओ ने छात्रों को नियमित रूप से विद्यालय आने तथा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं शिक्षकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि नामांकित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति का नियमित और सटीक रिकॉर्ड संधारित किया जाए तथा उपस्थिति प्रतिशत में सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। साथ ही कक्षा में बेहतर शिक्षण माहौल सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों की सक्रिय भूमिका पर भी बल दिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन व्यवस्था और शिक्षण प्रणाली को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
किशनगंज, बिहार -बलदिया हाट हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की डीएम ने की प्रशंसा
गांव में ही राष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक और मजबूत कदम पर की टिप्पणी...





















