नजरिया न्यूज़, गिडवास/रानीगंज/अररिया।
अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गीतवास वार्ड संख्या 8 में बीती देर रात एक भीषण आगलगी की घटना सामने आई, जिसमें एक घर समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज, भरगामा, अररिया और जोकीहाट से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक घर में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय घर के लोग अंदर ही मौजूद थे। स्थिति गंभीर होते देख उन्होंने पड़ोस के घर की छत पर सीढ़ी लगाकर किसी तरह अपनी जान बचाई। समय रहते बाहर निकल जाने के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर के बाहर बने बरामदे में हार्डवेयर का एक स्टोर रूम भी था, जिसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।






















