नजरिया न्यूज़, भरगामा/अररिया। जीतू दास।
जिले के भरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत पैकपार गांव में स्थित पूनम मेरी वेयरहाउस के पास एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई जब ग्रामीण रोज की तरह अपने काम पर जाने के लिए घरों से निकले। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने वेयरहाउस के सामने एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात किसी ने भी शव को वहां फेंकते या किसी वाहन से धक्का मारते नहीं देखा। सुबह अचानक शव मिलने से लोगों के बीच तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
शव की स्थिति काफी भयावह बताई जा रही है, क्योंकि मृतक का चेहरा पूरी तरह कुचला हुआ प्रतीत हो रहा है, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई हो सकती है और बाद में साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है। हालांकि, यह भी संभावना जताई जा रही है कि मामला किसी सड़क दुर्घटना का हो सकता है। फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही भरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
इस संबंध में भरगामा थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने दूरभाष पर बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।





















