-गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल पर दिया गया विशेष जोर
-सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूकता पर बल
मोतिहारी। पिपराकोठी प्रखंड के झखरा बलुआ मुसहरी टोला वार्ड संख्या 13 स्थित समुदाय भवन में धात्री एवं गर्भवती महिलाओं की देखभाल करने वाले अभिभावकों, पति एवं सास-ससुर के लिए एक दिवसीय क्षमतावर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “मातृत्व योजनाएं एवं उनके फायदे” रहा। इस कार्यशाला का आयोजन क्राई (चाइल्ड राइट एंड यू) के सौजन्य से कार्ड्स संस्था द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पिरामल फाउंडेशन के राणा फिरदौस ने एम्बुलेंस सेवा 102, जननी सुरक्षा योजना, मातृ वंदना योजना, परिवार नियोजन सहित विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य माताओं और शिशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सही समय पर इन योजनाओं का लाभ उठाकर गर्भवती महिलाएं सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त कर सकती हैं।
आंगनबाड़ी सेविका उर्मिला देवी ने उपस्थित लाभार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा मिलने वाली सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी लाभार्थी अपने आधार कार्ड के साथ मोबाइल नंबर को लिंक कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिल सके।
कार्यशाला में कार्ड्स संस्था की नीमा रानी सिकदार ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल, प्रसव पूर्व जांच, संतुलित पोषण और प्रसव के बाद की देखभाल पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि नियमित जांच और उचित आहार से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए शशि ने कहा कि सरकार द्वारा माताओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की जानकारी और समय पर पंजीकरण से महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ आर्थिक सहायता भी मिलती है। उन्होंने सभी परिवारों से अपील की कि वे इन योजनाओं के प्रति जागरूक रहें और गर्भवती महिलाओं की देखभाल में सक्रिय सहयोग करें।
कार्यक्रम के अंत में नीतू देवी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर कार्ड्स संस्था के समन्वयक रवि कुमार, पप्पू कुमार, लालू पासवान, इंदु देवी, जानकी देवी, मीणा देवी सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।





















