नजरिया न्यूज़, ब्यूरो अररिया।
अररिया पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के दिशा-निर्देश पर नगर थाना पुलिस ने नशे के विUरुद्ध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 180 बोतल (करीब 18 लीटर) अवैध कफ सिरप बरामद किया है। यह कार्रवाई नगर थाना प्रभारी मनीष रजक के नेतृत्व में जीरोमाइल पेट्रोल पंप के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
इस दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान आवेश आलम (पिता स्व. आबिद आलम), निवासी खरीयबस्ती वार्ड संख्या 11 के रूप में हुई है। मौके पर छापेमारी कर अवैध कफ सिरप को जब्त किया गया और आरोपी को हिरासत में लिया गया।
इस अभियान में एसआई मुकेश कुमार एवं अमित कुमार के साथ गृह रक्षक के जवान सत्येंद्र और पंकज सहित बीएमपी की दो महिला सिपाहियों की सक्रिय भागीदारी रही। यह जानकारी नगर थाना में पद स्थापित SI ललित कुमार ने दी। पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह कार्रवाई जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख को दर्शाती है। एसपी के स्पष्ट निर्देश के बाद पुलिस टीम लगातार सक्रियता दिखा रही है, जिससे ऐसे मामलों में कमी लाने की कोशिश की जा रही है।
सामाजिक परिवेश के नजरिए से भी यह घटना महत्वपूर्ण है। कफ सिरप जैसे दवाओं का दुरुपयोग युवाओं में बढ़ती लत का संकेत देता है, जो समाज के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की जागरूकता और सहयोग भी जरूरी है, ताकि नशे के बढ़ते प्रभाव को रोका जा सके।





















