नजरिया न्यूज़, रानीगंज/अररिया।
जिले में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक चल रहे पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न प्रखंडों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी अररिया श्रीमती कविता कुमारी की अध्यक्षता में जोकीहाट प्रखंड के काकन पंचायत एवं रानीगंज प्रखंड के पहुंसारा पंचायत में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समुदाय स्तर की सभी सेविका एवं सहायिका उपस्थित रहीं।
इस दौरान पोषण एवं बाल विकास से जुड़े विषयों पर जन जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्षों में मस्तिष्क के समुचित विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन (Early Child Stimulation) के महत्व को आमजन तक पहुँचाना रहा।
पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित गतिविधि कैलेंडर एवं अवधारणा नोट के अनुरूप कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विशेष गतिविधियाँ भी आयोजित की जा रही हैं। सभी गतिविधियों की प्रविष्टि जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर सुनिश्चित की जा रही है तथा जिला एवं परियोजना स्तर से इसकी सतत निगरानी की जा रही है।
वर्ष 2026 के पोषण पखवाड़ा में पाँच प्रमुख थीम निर्धारित किए गए हैं। 9 से 15 अप्रैल तक मातृ एवं शिशु पोषण तथा 0-3 वर्ष के बच्चों के प्रारंभिक उत्तेजना पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों में पोषण संबंधी व्यवहार को सुदृढ़ किया जा सके और बच्चों के संज्ञानात्मक एवं भाषा विकास को बढ़ावा मिले। वहीं 16 से 23 अप्रैल तक 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा के माध्यम से स्कूल रेडीनेस एवं समग्र विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही बच्चों में स्क्रीन टाइम कम करने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पूरे पखवाड़ा के दौरान सुदृढ़ आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती कविता कुमारी ने सभी सेविका, सहायिका एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी से इसे जन-आंदोलन का स्वरूप दें, ताकि कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति हो सके।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी जोकीहाट श्री अहमद रजा खान ने कार्यक्रम में पोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के संज्ञानात्मक विकास के तरीकों की जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायत के आम लोगों के साथ सभी सेविका-सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं पोषण अभियान के जिला समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।





















