नजरिया न्यूज़, अररिया।
बिहार अग्निशमन सेवा द्वारा अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जिला पदाधिकारी अररिया के दिशा निर्देश में अग्नि से बचाव एवं जन-चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन दौड़ की शुरुआत नई पुलिस केंद्र अररिया से हुई, जो मुड़बल्ला मध्य विद्यालय दक्षिण होते हुए पुनः पुलिस केन्द्र हरियावाड़ा में आकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों में काफी उत्साह देखा गया और लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
मैराथन के दौरान सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा नामित शारीरिक शिक्षक, सिविल सर्जन द्वारा उपलब्ध कराए गए चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ एवं एंबुलेंस हर प्रकार की आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे।
इस आयोजन की सफलता में सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई अररिया श्री शंभू कुमार रजक, सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण अररिया श्री सुबोध कुमार, जिला कोषागार पदाधिकारी अररिया, मुख्यालय डीएसपी श्री मनोज कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी श्री फकरे आलम, साइबर डीएसपी रजिया सुल्तान सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अन्य प्रबुद्ध गणमान्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला अग्निशमन पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार प्रसाद, अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी श्री रमाकांत प्रसाद एवं अग्निशमन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मियों ने सक्रिय योगदान दिया।
दौड़ के समापन के बाद विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्री बलराम कुमार, द्वितीय स्थान श्री कुलदीप कुमार एवं तृतीय स्थान श्री शिव शंकर कुमार ने प्राप्त किया। साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी मेडल देकर सम्मानित किया गया।





















