कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नदियामी गांव में आयोजित चैती दुर्गा पूजा के अवसर पर बीते गुरुवार की रात नाच पार्टी में हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत युवक महरी गांव निवासी मंगनी तांती के पुत्र मिथिलेश तांती (18 वर्ष) है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक महरी गांव के ही राम देव तांती के पुत्र संतोष तांती (30 वर्ष) का इलाज सुपौल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में हो रही है। इस मामले में पुलिस ने 3 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नदियामी गांव में आयोजित चैती दुर्गा पूजा में बिना प्रशासन की अनुमति से गांव के कुछ लोगों ने नाच पार्टी का आयोजन किया था। इस नाच पार्टी को देखने के लिए पड़ोसी गांव महरी के तीन बाइक पर सात लोग वहां पहुंचे। कार्यक्रम में डीजे के धुन पर नर्तकी अपनी डांस का प्रदर्शन कर रही थी। कार्यक्रम शांति पूर्वक चल रहा था। रात्रि के लगभग 3 बजे आयोजक ने नाच बंद करा दिया। लेकिन गांव के एक गुट के कुछ लोगों ने नाच जारी रखने की मांग करने लगे। इसी को लेकर ग्रामीणों के दो गुटों में विवाद हो गया। इसी बीच मेला में जल रही बत्ती भी गुम हो गया। जिससे वहां भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गया। भगदड़ शुरू होते ही महरी गांव से कार्यक्रम देखने आये लोग अपने गांव जाने के लिए वहां से चले। इसी दौरान कुछ लोगों ने मिथिलेश तांती को पकड़ लिया और ताबड़तोड़ चाकू से गोद दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो कर गिर गया। मिथिलेश को बचाने आए उसी गांव के संतोष तांती को भी हमलावरों ने डंडे से मारपीट किया और चाकू मारकर घायल कर दिया। महरी गांव से आए अन्य लोगों ने घटना की सूचना कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस एवं 112 नंबर पुलिस बल को दिया। मौके पर पुलिस के पहुंचने से पहले ही मिथिलेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और घायल संतोष तांती को सुपौल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शुक्रवार की सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। घटना की सूचना पर एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने थाना अध्यक्ष को कई आवश्यक निर्देश दिए। वहीं फोरेंसिक की टीम घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक सबूत इकट्ठा किया। इधर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को मिलते ही कोहराम मच गया। मृतक तीन भाई और दो बहन में दूसरे स्थान पर है। घटना के बाद से मृतक की मां मुन्नी देवी,बहन जक्शन देवी व मधु कुमारी का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। मृतक अविवाहित था और गांव में मजदूरी कर परिवार को भरण पोषण में सहयोग कर रहा था। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर पिता मंगनी तांती और मृतक के बड़े भाई प्रदेश से गांव के लिए रवाना हो गया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि इस मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के कारणों को फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। इस घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। अभी मृतक के परिजनों से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन पत्र प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई किया जाएगा।
दरभंगा :- कुशेश्वरस्थान प्रमुख व उपप्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज।
नजरिया कुशेश्वरस्थान / पूर्वी प्रखंड के सभा भवन में गुरुवार को पंचायत समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई।...






















