नजरिया न्यूज़, पटना। बिहार दिवस 2026 के अवसर पर गाँधी मैदान, पटना में आयोजित भव्य कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले के दो शिक्षक मृत्युंजय कुमार एवं विनोद कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।
यह सम्मान उन्हें 22 से 24 मार्च 2026 तक गांधी मैदान, पटना में आयोजित समारोह के दौरान दिया गया।
मृत्युंजय कुमार, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय खुटौना यादव टोला एवं विनोद कुमार,नवसृजित प्राथमिक विद्यालय बेलाहीराम पूर्वी में पदस्थापित हैं और उन्होंने बिहार दिवस-2026 के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी इस प्रमाण-पत्र में उनके समर्पण, मेहनत और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सराहना की गई है। विभाग ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक ही शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार एवं जिले के शिक्षकों में खुशी की लहर है और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।






















