नजरिया
कुशेश्वरस्थान /
पूर्वी प्रखंड के सभा भवन में गुरुवार को पंचायत समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रमुख अंजनी भारती एवं उपप्रमुख कुमारी अन्नू के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर विचार के लिए बुलाई गई थी। निर्धारित समय के अनुसार बैठक सुबह 11 बजे शुरू हुई। पूर्व प्रमुख बिजल पासवान के नेतृत्व में छह पंचायत समिति सदस्य तय समय पर सभा कक्ष में पहुंचे। कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ प्रभा शंकर मिश्रा अन्य सदस्यों के सदन में आने का इंतजार करने लगे। काफी देर तक इंतजार के बावजूद प्रमुख अंजनी भारती गुट के पांच सदस्य दोपहर एक बजे तक सदन में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद बीडीओ श्री मिश्रा ने नियमानुसार कुल सदस्यों के दो तिहाई सदस्यों की उपस्थिति नहीं होने के कारण विपक्ष की ओर से प्रमुख एवं उपप्रमुख के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज करने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही पिछले दो सप्ताह से प्रखंड में चल रही राजनीतिक सरगर्मी पर विराम लग गया। मालूम हो कि पंचायत समिति में कुल 11 सदस्य हैं। अविश्वास प्रस्ताव पर विचार के लिए बुलाई गई विशेष बैठक में कम से कम आठ सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी। लेकिन प्रमुख गुट के पांच सदस्य सदन से अनुपस्थित रहे। इसके कारण विपक्ष का प्रस्ताव स्वतः खारिज हो गया।
अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने की सूचना मिलते ही प्रमुख गुट के पंचायत समिति सदस्य प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। बैठक में पूर्व प्रमुख बिजल पासवान सहित समिति सदस्य उमेश प्रसाद मतवाला,राम वचन हजारी शोभा देवी,इसरत जहां तथा उषा देवी शामिल हैं।






















