नजरिया न्यूज बारसोई कटिहार। सुमन साह।
लड़कियों के फुटबॉल मैच को लेकर खेल प्रेमियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। प्रखंड क्षेत्र के एक्शल्ला पंचायत स्थित ढ़ट्ठा मैदान में आयोजित महिला फुटबॉल मुकाबले में पश्चिम बंगाल की दो टीमों के बीच रोमांचक खेल हुआ, जिसमें बालूरघाट ने मालदा को 2–0 से पराजित कर जीत अपने नाम की।
मैच की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिला और पुरुष दर्शक मैदान पहुंच गए। दर्शक दीर्घा खचाखच भरी रही और खेल के अंत तक लोगों ने बेहतरीन फुटबॉल का लुत्फ उठाया। खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को निराश नहीं किया। मालदा की टीम ने भरसक प्रयास किया, लेकिन बालूरघाट की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने एक भी गोल नहीं कर सकी। वहीं, बालूरघाट के खिलाड़ियों ने दो सटीक गोल दागकर मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
इससे पूर्व मुख्य आयोजक मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद शाहनवाज आलम एवं मुख्य अतिथि मुखिया संघ के अध्यक्ष सह विधानसभा प्रत्याशी मौअज्जम हुसैन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर मैच का शुभारंभ किया। आयोजन स्थानीय डीडीएसएच युवा फुटबॉल कमेटी, ढ़ट्ठा के सौजन्य से संपन्न हुआ।
मौके पर आयोजकों ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने ‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। दर्शकों ने भी खिलाड़ियों की जमकर हौसला अफजाई की और उनके उत्कृष्ट खेल की सराहना की।
कार्यक्रम में लतीफुर रहमान, जमील अख्तर, जुलकरनैन, अब्दुल वदूद, मोहम्मद रेजाउल हक, अयूब अली, दिलीप राय, मोहम्मद मुजा, हाफिज सनाउल्लाह, रकीबूल हक, हरेराम सिंह, मोहम्मद तैयब, मोहम्मद जमालुद्दीन और अनवर आलम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






















