नजरिया न्यूज़, अररिया।
डीपीआरओ अररिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस योजना के तहत बिहार राज्य के निवासित अल्पसंख्यक समुदाय—जैसे मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन एवं पारसी—के छात्र-छात्राओं से कक्षा 09 एवं कक्षा 11 में नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं।
प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि किशनगंज एवं दरभंगा जिलों में संचालित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। अररिया जिले के इच्छुक एवं योग्य छात्र-छात्राएं भी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है, जिसके लिए विभागीय वेबसाइट www.minoritywelfare.bih.nic.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है।
डीपीआरओ ने बताया कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर अल्पसंख्यक वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवास, भोजन, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जिससे वे बेहतर शैक्षणिक वातावरण में अध्ययन कर सकें।
ऑनलाइन आवेदन के साथ कुछ आवश्यक दस्तावेजों को स्वअभिप्रमाणित कर संलग्न करना अनिवार्य है। इनमें अंचलाधिकारी द्वारा निर्गत आवासीय सह आय प्रमाण पत्र शामिल है, जिसमें यह स्पष्ट होना चाहिए कि अभ्यर्थी के परिवार की अधिकतम वार्षिक आय छह लाख रुपये से अधिक नहीं है। इसके अतिरिक्त शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र अथवा अंक प्रमाण पत्र की प्रति, तीन पासपोर्ट साइज फोटो, उम्र सीमा से संबंधित प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड की स्वअभिप्रमाणित प्रति संलग्न करना आवश्यक है।
डीपीआरओ ने जिले के सभी योग्य अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। साथ ही यह भी कहा गया है कि आवेदन करते समय सभी जानकारी सही-सही भरें एवं आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना सुनिश्चित करें। यह अवसर अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





















