नजरिया न्यूज़, समस्तीपुर।
राजकुमार सिंह।
दिनांक 16.02.2026 को आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा किसी भी संभावित आतंकी घटना अथवा आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से पटना के ताज सिटी सेंटर होटल परिसर में आतंकरोधी संयुक्त मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का आयोजन आतंकवाद निरोधक दस्ता, बिहार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न सुरक्षा व आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मॉक ड्रिल में पटना पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग, राज्य आपदा मोचन बल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मी शामिल हुए। अभ्यास के दौरान सभी एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय, संचार और त्वरित कार्रवाई की क्षमताओं का वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया गया।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आतंकवादी घटना, विस्फोट अथवा अन्य आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को परखना था। अभ्यास के तहत संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर इलाके की घेराबंदी, भीड़ प्रबंधन, घायलों का सुरक्षित रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाना तथा स्थिति को नियंत्रित करने की मानक कार्यप्रणाली (SOP) का पालन किया गया। होटल परिसर जैसे संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले स्थान पर अभ्यास कर सुरक्षा बलों की तैयारियों को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
मॉक ड्रिल का नेतृत्व मो० तनवीर अहमद, अपर पुलिस अधीक्षक एवं श्री कृष्ण मुरारी प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। दोनों अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान टीमों के प्रदर्शन की समीक्षा की और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास से विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनता है और वास्तविक आपात स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करने में मदद मिलती है।
अंत में आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आतंकवाद निरोधक दस्ता, बिहार, पटना को दें। इसके लिए संपर्क नंबर 9031828723 एवं 0621-2215924 जारी किए गए हैं। साथ ही ईमेल के माध्यम से ats-bih@nic.in पर भी सूचना दी जा सकती है। ऐसे अभ्यास राज्य की सुरक्षा तैयारियों को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहे हैं।






















