नजरिया न्यूज़, अररिया।
पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद सोमवार को अररिया पहुंचे। उनके अररिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर अररिया पुलिस की ओर से विधिवत गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके पश्चात आईजी विवेकानंद ने जिले की कानून-व्यवस्था, सीमा सुरक्षा और पुलिस कार्यशैली की गहन समीक्षा की।
दौरे के दौरान आईजी विवेकानंद और अररिया के आरक्षित अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट, पीओपी तथा उनके हेड क्वार्टर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की आवाजाही और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आईजी ने सीमा पर चौकसी और समन्वय को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आईजी विवेकानंद ने अररिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्यवेक्षण की गुणवत्ता, अनुसंधान की स्थिति, केस डायरी संधारण, अभिलेखों की अद्यतन स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा की। आईजी ने अनुसंधान कार्य में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
आईजी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास ही कानून-व्यवस्था की मजबूती का आधार है। साथ ही उन्होंने सीमावर्ती इलाकों में नियमित गश्त, सूचना तंत्र को सक्रिय रखने और अंतर-एजेंसी समन्वय को प्राथमिकता देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय अधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के कर्मी उपस्थित रहे। आईजी के इस दौरे को लेकर पुलिस महकमे में सक्रियता देखी गई। अधिकारियों का मानना है कि इस निरीक्षण से न केवल सीमा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि जिले में अनुसंधान और पुलिसिंग की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।






















