सुमन साहा बारसोई कटिहार।
बारसोई विधानसभा क्षेत्र में पुलों की गंभीर आवश्यकता को लेकर विधायक संगीता देवी ने गुरुवार को विधानसभा सत्र के दौरान आवाज बुलंद की। उन्होंने महानंदा नदी पर लहगरिया पंचायत स्थित खुराधार घाट में शीघ्र पुल निर्माण की मांग करते हुए इसे क्षेत्र की सबसे बड़ी प्राथमिक जरूरत बताया।
विधायक ने सदन को बताया कि खुराधार घाट प्रखंड के उत्तर-पूर्वी हिस्से की कई पंचायतों को अनुमंडल मुख्यालय बारसोई से जोड़ने का प्रमुख मार्ग है। पुल के अभाव में बेलवाडांगी, करणपुर, बसलगांव समेत आसपास की पंचायतों के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन के लिए 8 से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। यदि खुराधार घाट पर पुल का निर्माण हो जाता है, तो इन क्षेत्रों के लोगों की दूरी काफी कम हो जाएगी और उनका जीवन कहीं अधिक सुगम हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरे विधानसभा क्षेत्र में कम से कम आधा दर्जन उच्चस्तरीय पुलों की आवश्यकता है, लेकिन उनमें खुराधार पुल का निर्माण सबसे पहले होना जरूरी है। क्योंकि उक्त पुल को जिला और राज्य के द्वारा पास कर दिया गया है उसके बावजूद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है इसी प्राथमिकता को देखते हुए उन्होंने सदन में विशेष रूप से इस पुल के निर्माण पर जोर दिया।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने विधायक को संबोधित करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए प्रश्न पत्र में शब्दों की संख्या अधिक है, फिर भी उन्हें अवसर दिया जा रहा है और वे अपनी बात 50 शब्दों में रखें। सीमित समय मिलने के कारण विधायक ने केवल खुराधार पुल के मुद्दे को ही प्रमुखता से रखा।
बाद में विधायक संगीता देवी ने कहा कि उन्होंने अपने प्रश्न पत्र में आधा दर्जन नदी घाटों पर पुल निर्माण की मांग रखी थी, लेकिन समय कम मिलने के कारण उन्हें एक ही पुल की बात सदन में रखनी पड़ी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस गंभीर समस्या पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
मुजफ्फरपुर में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा सेवन अभियान शुरू
मुजफ्फरपुर जिले में घातक बीमारी फाइलेरिया (हाथीपांव) के समूल नाश के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वजन दवा सेवन अभियान का...























