– सिकटी थाना परिसर में शांति समिति बैठक की अध्यक्षता करते थानाध्यक्ष आदित्य किरण ॥
नजरिया न्यूज सिकटी। रंजन राज। सोमवार को सिकटी थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी परवेज आलम की निगरानी में बैठक की अध्यक्षता सिकटी थानाध्यक्ष आदित्य किरण ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ पूजा समिति के कई सदस्यों ने भाग लिया। शांति समिति बैठक को संबोधित करते थानाध्यक्ष आदित्य किरण ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों से अनुरोध है कि सरस्वती पूजा में शांति बनाए रखें, किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दें। पूजा समिति सदस्यों को कहा कि पूजा आयोजित करने के लिए सभी कमेटी को लाइसेंस लेना अनिवार्य है। रूट चार्ट के अनुरूप हीं प्रतिमा विसर्जन की अनुमति मिलेगी। प्रतिमा विसर्जन के लिए रूट चार्ट तय करना अनिवार्य है। प्रतिमा विसर्जन में डीजे का प्रयोग पूरी तरह वर्जित है। शराबियों और हुड़दंगियों पर प्रशासन की विशेष नजर होगी। बीडीओ परवेज आलम ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि सभी अपने नजदीक के पूजा पंडालों में विशेष निगरानी रखें व आपस में सद्भाव बनाते हुए पूजा को सफल बनाएं। उन्होंने कहा विद्या प्रदायिनी माता सरस्वती की पूजा धूमधाम से मनाएं। पूजा में किसी प्रकार की कोई खलल न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदि के साथ तैयार है। उपस्थित लोगों ने भी सरस्वती पूजा को लेकर प्रशासन को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में पूजा कमिटी के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों सहित दर्जनों बुद्धिजीवी मौजूद थे।