कुमार भोलेश्वर सागर नजरिया न्यूज।अररिया
नरपतगंज अंचल कार्यालय में कार्यरत कर्मठ और समर्पित डाटा इंट्री ऑपरेटर मो. मुस्ताक आलम का सोमवार की रात्रि करीब 1:00 बजे अचानक दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही न सिर्फ नरपतगंज बल्कि पूरे अररिया जिला प्रशासनिक परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सहकर्मी, अधिकारी और शुभचिंतक स्तब्ध रह गए।
स्वर्गीय मो. मुस्ताक आलम अपने कार्य के प्रति अत्यंत निष्ठावान, जिम्मेदार और ईमानदार कर्मचारी के रूप में जाने जाते थे। सहकर्मियों के अनुसार, वे न सिर्फ दक्ष डाटा ऑपरेटर थे, बल्कि सहयोगी, सरल व सौम्य स्वभाव के इंसान भी थे। उनका मिलनसार और संवेदनशील व्यवहार उन्हें सभी के बीच प्रिय बन गए थे।
सूत्रों के अनुसार, वे पिछले डेढ़ वर्षों से बीमार चल रहे थे, बावजूद इसके उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को कभी बोझ नहीं बनने दिया। उनका निधन विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं।
दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करते हुए, आज शाम 5 बजे कर्मचारी संघ भवन, अररिया में एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं अन्य कर्मी उपस्थित होकर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके साथ ही नरपतगंज अंचल कार्यालय परिसर में सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी अधिकारी एवं सहकर्मियों द्वारा शोकसभा का आयोजन किया गया, जहाँ उपस्थित लोगों ने उनके साथ बिताए पलों को याद करते हुए नम आंखों से विदाई दी।
सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को जन्नतुल फिरदौस में स्थान दें और उनके परिजनों को यह दुःख सहने की असीम शक्ति प्रदान करें।





















