– अररिया में 17 से 19 जुलाई तक ‘भविष्य युवा नेता बूटकैंप’ का आयोजन
नजरिया न्यूज, अररिया। भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की राष्ट्रीय दृष्टि के तहत “माय भारत” योजना के अंतर्गत अररिया जिले में “भविष्य युवा नेता बूटकैंप” का आयोजन 17 जुलाई से 19 जुलाई 2025 तक किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, फारबिसगंज में आयोजित होगा जिसमें अररिया जिले के विभिन्न प्रखंडों से चुने गए 35 युवा भाग लेंगे।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त, जागरूक और नेतृत्वकर्ता नागरिक के रूप में विकसित करना है ताकि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें। यह बूटकैंप युवाओं की आयु 15 से 29 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में युवाओं को नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास, सामुदायिक उत्थान, कैरियर संभावनाएं, और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान युवा संसद का आयोजन किया जाएगा जिसमें प्रतिभागी “विकसित भारत 2047” विषय पर अपने विचार साझा करेंगे और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराएंगे। साथ ही, युवाओं को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। योग सत्र, संवाद, और समूह चर्चा के माध्यम से युवाओं की क्षमता को उभारने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की सफल आयोजन हेतु प्रतिभागियों के लिए आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। जिला युवा अधिकारी अंजली कुमारी ने बताया कि यह बूटकैंप युवाओं में नेतृत्व की भावना जागृत करेगा और उन्हें समाज के परिवर्तन का वाहक बनाएगा।





















