नजरिया न्यूज़, अररिया। आरएस, वार्ड संख्या 4 निवासी रवि शंकर सिंह ने कंकड़बाग, पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित 91वीं जूनियर एवं सीनियर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले व राज्य का नाम रोशन किया है।
रवि शंकर सिंह का संबंध एक किसान एवं सैनिक परिवार से है, जिनका जीवन संघर्ष और अनुशासन की मिसाल रहा है। वर्ष 2023 में अररिया जिले को पहला स्वर्ण पदक दिलाने वाले वे पहले खिलाड़ी रहे हैं। अब एक बार फिर उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले को गौरवान्वित किया है।
एक छोटे से कस्बे, वार्ड संख्या 4 से निकलकर जिला, प्रमंडल एवं राज्य स्तर तक सफलता की ऊंचाइयों को छूना आसान नहीं था, लेकिन रवि शंकर सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल खेल जगत में जिले की पहचान को मजबूती देती है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बनती है।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि रवि शंकर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पदक जीतकर अररिया जिले का नाम पूरे देश में रोशन करेंगे। जिला प्रशासन, खेल संघ और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी उन्हें बधाइयाँ दी जा रही हैं। रवि शंकर सिंह आज युवाओं के लिए संघर्ष, सफलता और सम्मान की जीवंत मिसाल बन चुके हैं।





















