आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
सावन के पावन महीने में शिवभक्तों की सेवा में एक मिसाल कायम करते हुए रानीगंज कांवरिया सेवा समिति के द्वारा सुल्तानगंज-देवघर कांवर यात्रा मार्ग पर कुमारसार नदी से तीन किलोमीटर आगे मधुकरपुर कांवरिया पथ पर भव्य और दिव्य सेवा शिविर लगाया गया है। यह शिविर रानीगंज क्षेत्र के युवाओं एवं समिति के समर्पित सदस्यों द्वारा संचालित किया जा रहा है।
इस सेवा शिविर में सुल्तानगंज से देवघर की यात्रा पर निकले कांवड़ियों को निःशुल्क सेवा प्रदान की जा रही है। शिविर में शिवभक्तों के लिए विशेष रूप से शुद्ध भोजन, जलपान, शरबत, सत्तू, शीतल पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा आदि की उत्तम व्यवस्था की गई है। दिन-रात सेवा में जुटे कार्यकर्ता ‘जय बाबा भोलेनाथ’ के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत कर रहे हैं।
सेवा शिविर का उद्देश्य है कि कठिन तपस्या और श्रद्धा भाव से देवघर की ओर बढ़ते शिवभक्तों को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह सेवा रानीगंज के आम जनमानस के सहयोग से संभव हो पा रही है, जिन्होंने तन-मन-धन से सहयोग देकर इस पुण्य कार्य को सफल बनाया है।रानीगंज कांवरिया सेवा समिति का यह प्रयास न केवल सामाजिक सद्भाव और सहयोग की मिसाल है, बल्कि शिवभक्ति की गहराई को भी दर्शाता है। समिति के आयोजकों ने सभी शिवभक्तों से निवेदन किया है
कि वे इस सेवा शिविर का लाभ उठाएं और बाबा भोलेनाथ की कृपा से कांवड़ यात्रा को सफल बनाएं। इसको सफल बनाने के लिए अध्यक्ष कुमार सावन उर्फ बंटी साह, सचिव रामकृष्ण साह तन्नू, वीरेंद्र साह, सुमित साह, कोषाध्यक्ष पिंकू नायक, सदस्य अमित साह, नरेश प्रधान, अजय साह, मुन्ना यादव, गणित, मंटू महतो, मंटू टेंट, नितेश महतो, मिट्ठू गुप्ता, भोला साह, सुमित आदि युवकों का योगदान है





















