महलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम ककोरा वार्ड संख्या-09 में शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे एक पारिवारिक विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया। घर के बाहर सोए 12 वर्षीय बालक अबू हॉरेरा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता मो० मुदस्सिम भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना आपसी पारिवारिक रंजिश का परिणाम है। बताया जा रहा है कि गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि खुद मुदस्सिम का सगा भाई है। गोली चलने के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने घायल मुदस्सिम को तत्काल इलाज के लिए पूर्णिया भेजा, जहां उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य संभावित अभियुक्तों की तलाश जारी है।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। एक ही परिवार के भीतर हुए इस हिंसक कांड ने रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़ा कर दिया है।पुलिस प्रशासन मामले की गहराई से जांच कर रहा है ताकि आरोपी को जल्द से जल्द कानून के कठघरे में लाया जा सके।