– प्रमोद कुमार यादव के अपहरण और सुनीता देवी के साथ मारपीट का मामला, 15 लाख की रंगदारी मांगे जाने का आरोप
नजरिया न्यूज़, अररिया।
थाना अररिया अंतर्गत ओमनगर, वार्ड संख्या 08 में 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार यादव एवं उनकी भाभी सुनीता देवी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं और स्थानीय पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदार, थाना जोकीहाट निवासी राजेन्द्र यादव ने बताया कि उनका छोटा भाई प्रमोद कुमार यादव अपने परिवार के साथ ओमनगर में निवास करता है। 2 जुलाई की रात को करीब आधा दर्जन नामजद और 20 से 30 अज्ञात लोगों ने उनके घर पर धावा बोल दिया।
राजेन्द्र यादव द्वारा दिए गए बयान के मुताबिक, असामियान विजय भगत, सोनू भगत, राजेन्द्र भगत (सभी काली बाजार निवासी), विनोद यादव (भूमि दलाल), रतन कुमार और बूच्चू पासवान (सभी ओमनगर निवासी) अपने अन्य सहयोगियों के साथ घर में घुसकर लाठी-डंडे से हमला कर दिए। इस हमले में प्रमोद कुमार यादव और सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सुनीता देवी को बुरी तरह पीटा गया और प्रमोद कुमार को बंधक बनाकर उठाकर ले जाया गया।
हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और गैस चूल्हा, सिलेंडर, कपड़े, ट्यूबवेल की मोटर, बिजली मीटर सहित लगभग 80,000 रुपये के सामान की लूटपाट की। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने रंगदारी के तौर पर 15 लाख रुपये की मांग की थी और मना करने पर घटना को अंजाम दिया।
पीड़ित परिजनों का आरोप है कि यह हमला पहले से रची गई साजिश का हिस्सा था और अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से अपहरण कर लिया है।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि प्रमोद कुमार यादव को अपराधियों के चंगुल से जल्द रिहा कराया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल इस मामले में स्थानीय पुलिस जांच में जुटी हुई है, परंतु अब तक अपहृत की बरामदगी नहीं हो सकी है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।












