– जिले के सभी प्रखंडों में 5 से 15 मई तक होगा आयोजन
– सभी 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों को मिलेगा दिव्यांगता प्रमाण पत्र और UDID कार्ड
नजरिया न्यूज अररिया। जिले के दिव्यांग बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 5 मई से 15 मई 2025 तक सभी प्रखंडों में दिव्यांगता पहचान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में 0 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उन्हें दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी (UDID) कार्ड प्रदान किया जाएगा।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला पदाधिकारी अररिया श्री अनिल कुमार द्वारा आदेश जारी कर सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। शिविर का संचालन प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के समन्वय से किया जाएगा।
प्रत्येक प्रखंड में चिन्हित किए गए दिव्यांग बच्चों का डेटा तैयार कर जिला शिक्षा पदाधिकारी, अररिया को सौंपा जाएगा, जो आगे सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, अररिया को प्रेषित करेंगे।
इस पूरे अभियान के लिए सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग अररिया को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और अन्य सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा ताकि कोई भी पात्र बच्चा इस योजना से वंचित न रहे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी दिव्यांग बच्चों की समुचित पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ना है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
यह विशेष शिविर न केवल प्रशासनिक संवेदनशीलता का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समावेशन की दिशा में एक बड़ा कदम भी है।






















