- पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली
सहरसा। विकास कुमार।
दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान आम उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। पर्व के दौरान विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेंगे।
इस क्रम में विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफॉर्मरों, विद्युत लाइनों एवं अन्य उपकरणों का निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव किया जा रहा है। संभावित विद्युत समस्याओं को देखते हुए मरम्मत कार्य एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहरसा ई. अमित कुमार ने बताया कि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफॉर्मरों एवं विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर आवश्यक रखरखाव कराया जा रहा है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विद्युत आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए फ्यूज कॉल सेंटर एवं कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा जाएगा।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा बिजली आपूर्ति बाधित होने, फ्यूज से संबंधित समस्या अथवा अन्य स्थानीय विद्युत तकनीकी समस्या होने पर उपभोक्ता अपने क्षेत्र के संबंधित फ्यूज कॉल सेंटर के मोबाइल नंबर 06478-222364 पर संपर्क कर सकते हैं। फ्यूज कॉल सेंटरों के अतिरिक्त उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायतों के लिए विभागीय कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9264456421 तथा टोल-फ्री नंबर 1912 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
विद्युत विभाग का संकल्प है कि दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर सभी उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुचारू एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए।












