अभिमन्यु मिश्रा जिला प्रभारी सुपौल
थाना क्षेत्र स्थित मुख्यालय पंचायत के भट्टाबारी गांव में शनिवार की सुबह दान दक्षिणा को लेकर हुई कहासुनी में एक वृद्ध नाई को कुदाल से काटकर मौत के घाट उतार दिया गया। जानकारी अनुसार झखाड़गढ पंचायत के वार्ड 8 निवासी मृतक जगदीश ठाकुर (65 साल) पेशे से नाई थे जो पास के ही छातापुर पंचायत के वार्ड 4 निवासी प्रमोद साह के बुलावे पर बाल दाढ़ी बनाने उनके दरवाजे पर गए थे। बताया जा रहा है कि प्रमोद साह के दरवाजे पर बैठकर जगदीश ठाकुर बारी-बारी से बाल दाढ़ी बना ही रहे थे, उसी बीच बीते 30 अप्रैल को प्रमोद साह के घर हुई शादी में किए काम के बाबत बकाया के दान दक्षिणा के रुपया को लेकर कहासुनी हो गई और कुदाल से ताबड़तोड़ प्रहार कर वृद्ध नाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
घटना कि जानकारी मिलते ही परिजन दौड़े भागे घटना स्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल वृद्ध को सीएचसी छातापुर में भर्ती कराया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर नेपाल के विराटनगर ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। इस बीच मृतक के पुत्र नरेंद्र कुमार ने थाना को दिए आवेदन में बताया है कि शनिवार की सुबह उनके पिता जगदीश ठाकुर वार्ड 4 निवासी प्रमोद साह के यहां बाल दाढ़ी बनाने गए थे और उनके दरवाजे पर बैठकर बाल दाढ़ी बना ही रहे थे कि बीते 30 अप्रैल को प्रमोद साह के घर हुई शादी में किए कार्य के मेहनताना को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ी कि प्रमोद साह के पुत्र रंजीत साह के उकसावे पर राजकुमार साह के पुत्र धीरेन्द्र साह ने जगदीश ठाकुर के ऊपर कुदाल से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया।
इधर, मृतक का शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और रोते बिलखते परिजन शव लेकर थाना परिसर पहुंच गए। आक्रोशित परिजन सहित गांव के लोगों ने थाना के आगे हंगामा करने लगे। इसके बाद थानाध्यक्ष शिव शंकर कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आक्रोशितों को समझा कर जाम समाप्त करवाकर आवागमन बहाल करवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम में भेज दिया और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर पीड़ित परिजनों को फिलहाल शांत करा दिया है। करीब आधा घंटा तक सड़क जाम रहने से लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
घटना के बाद पुलिस ने आवेदन में नामजद चार लोगों में से एक प्रमोद साह को गिरफ्तार कर लिया है। संदर्भ में पूछने पर थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार ने बताया कि घटना में वृद्ध नाई की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम में भेज अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।




















