– राम नगरी अयोध्या में योगी सरकार के मंत्रियों ने किया सीएम पेमा खांडू और मंत्रियों,विधायकों का भव्य स्वागत
कपिल देव सिंह , नजरिया न्यूज ब्यूरो लखनऊ ।
राम नगरी में भगवान रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू अपनी कैबिनेट के मंत्रियों,विधायकों और प्रमुख अधिकारियों के साथ प्रभु श्री राम का दर्शन करने पहुंचे।भगवान श्रीरामलला के दर्शन कर पूरा मंत्रिमंडल भावविभोर हो गया। अरुणाचल प्रदेश का पहला राजनीतिक प्रतिनिधिमंडल है, जिसने प्राण-प्रतिष्ठा के बाद भगवान श्रीरामलला का दर्शन-पूजन किया। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू अपने कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के साथ राम मंदिर में दर्शन करने जब अयोध्या पहुंचे तो सबसे पहले महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल हवाई अड्डे पर उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। उत्तर प्रदेश की अतिथि देवो भव की परंपरा देख सभी आगंतुक भावविभोर हो गए। धर्मनगरी अयोध्या धाम में राम लला का दर्शन करने के बाद 70 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गया।
*योगी सरकार के मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किया भव्य स्वागत*
योगी सरकार के कृषि मंत्री व अयोध्या धाम के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर गिरीशपति त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उनके कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों एवम अधिकारियों को माला पहना कर अंगवस्त्र भेंट किया और माथे पर तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया। सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने उनके स्वागत में लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अरुणाचल प्रदेश से आए अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे।
* भगवान रामलला का दर्शन कर निहाल हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू*
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में बताया कि उनके मंत्रिमंडल के कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों सहित 70 लोगों का प्रतिनिधिमंडल राम मंदिर दर्शन करने आया है। सीएम पेमा खांडू ने कहा कि मैं दो साल पहले भी अयोध्या आया था, जब श्री राम मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा था।
आज बहुत उत्साहित हूं कि राम मंदिर बन गया है और मैं भगवान राम लला का दर्शन करने आया हूं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में अरुणाचल भवन निर्माण कराए जाने को लेकर हमने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। 500 वर्षों बाद राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है, यह देश के लिए बड़े गर्व की बात है। अब रामराज भी आ गया है। देश विकास की नई गाथा लिखेगा।





















