अभिमन्यु मिश्रा, जिला प्रभारी सुपौल।
पुलिस की आरामतलबी जगजाहिर है। उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के पास से या फिर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर से बाइक चोरी का तो सटीक खुलासा नहीं हुआ, इस बार चोरों ने स्थानीय पुलिस के नाक के नीचे मछलीपट्टी से बाइक चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी है। छातापुर में कानून के इकबाल का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि मछलीपट्टी से थाने की दूरी बमुश्किल 50 गज ही होगी और थाने के चबूतरे पर बैठ मछलीपट्टी के एक-एक ग्राहक को गिना जा सकता है। शुक्रवार की शाम इस मछली बाजार के पास से चोरों ने दिनदहाड़े बाइक उड़ा ली जिसकी पुलिस को भनक तक नहीं लगी। ऐसे में दूरस्थ क्षेत्राधीन पंचायतों की सुरक्षा का सहज ही लगाया जा सकता है। पीड़ित बाइक मालिक लक्ष्मीपुर खूंटी पंचायत के वार्ड नंबर आठ करहवाना निवासी शिवनाथ मंडल ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर बाइक बरामदगी की गुहार लगाई है। बाइक मालिक श्री मंडल ने बताया है कि शुक्रवार की शाम मछली मार्केट के पास एसएच 91 किनारे अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या बीआर 38 एच/ 7655 खड़ी कर मछली खरीदने गए थे। तकरीबन 15 मिनट बाद मछली खरीदकर लौटने पर खड़ी किए गए स्थल से बाइक गायब थी। बताया कि काफी खोजबीन के बाद भी लापता बाइक की जानकारी नहीं मिलने पर गश्ती वाहन पर मौजूद पुलिस को सूचना दे बुलाकर घटना से अवगत कराया गया। इसके बाद बाइक चोरी से संबंधित लिखित आवेदन देकर बरामदगी की गुहार लगाई गई है।
















