नजरिया न्यूज़,पलासी (अररिया)। बिहार में निर्माणाधीन पुलों के धराशायी होने की खबरों के बीच अब अररिया जिले के पलासी प्रखंड में स्कूल भवन की छत गिरने का मामला सामने आया है। प्रखंड क्षेत्र के उच्च विद्यालय प्लस टू उरलाहा में निर्माणाधीन अतिरिक्त वर्ग कक्ष भवन की छत गुरुवार देर रात ढलाई के कुछ ही घंटों बाद भरभराकर गिर गई। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर लोगों में निर्माण एजेंसी के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार दोपहर भवन की छत की ढलाई कराई गई थी। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सीमेंट, बालू और अमानक छड़ का इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्यस्थल पर योजना की लागत, प्राक्कलन, संवेदक का नाम और निर्माण पूरा करने की समय-सीमा से संबंधित सूचना पट्ट भी नहीं लगाया गया था। छत गिरने से बीम और सरिया क्षतिग्रस्त होकर लटक गए।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
ग्रामीण चंद्रेश्वर मंडल, अमोद मंडल, बुद्धन राम, संतोष मंडल, दयानंद मंडल, मनोज मंडल, अशोक मंडल, विकास मंडल, रूपेश मंडल और पंचानंद साह सहित अन्य लोगों ने संवेदक पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाने पर संवेदक ने कथित तौर पर रंगदारी मांगने के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने राहत जताई कि हादसा रात में हुआ। यदि छत स्कूल संचालन के दौरान गिरती, तो बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी। लोगों ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और भवन निर्माण विभाग से मामले की तकनीकी जांच कराने, दोषी संवेदक व संबंधित अभियंताओं पर कार्रवाई करने तथा संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। साथ ही क्षतिग्रस्त निर्माण को हटाकर गुणवत्तापूर्ण तरीके से नए सिरे से भवन निर्माण कराने की मांग उठाई है।


















