नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज। नरेश कुमार।
फारबिसगंज :अररिया। इंडिया गठबंधन के बिहार अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आह्वान पर बुधवार को फारबिसगंज प्रखंड मुख्यालय में इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। कार्यक्रम प्रभारी सह राजद अररिया व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अमित पूर्वे के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया एवं चुनाव व्यवस्था को लेकर विरोध जताते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोरी बंद करो, लोकतंत्र बचाओ’ जैसे नारे भी लगाए। साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की गई।
अमित पूर्वे ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित होनी चाहिए तथा एसआईआर को लेकर उठ रहे सवालों का स्पष्ट समाधान किया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में राजद नेता क्रांति कुंवर, वाहिद अंसारी, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिन्हा, गुलाबचंद ऋषिदेव, अमितेश कुमार गुड्डू, शंभू यादव, करण कुमार पप्पू, सैफ अली खान, देवेश ठाकुर, बेलाल अली, राजा अली, नौशाद अहमद, इबरार आलम, अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में गठबंधन के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।



















